# निगुलसरी में मार्ग बहाली में लगी मशीन पर गिरी चट्टान, ऑपरेटर की मौत|

Spread the love

 किन्नौर जिला में आज भले ही मौसम साफ है, लेकिन दो दिनों तक भारी बर्फबारी व बारिश के कारण असुविधाओं का अंबार लग गया है। सोमवार को निगुलसरी ब्लैक प्वाइंट के पास एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां पर अवरुद्ध मार्ग को बहाल करने के कार्य में लगी एलएनटी मशीन पर भारी चट्टान गिर गई, जिसके नीचे आने से एलएनटी ऑपरेटर की मौत हो गई। मृतक ऑपरेटर की पहचान 27 वर्षीय मदन निवासी कुल्लू के रूप में हुई है।

बता दें कि भारी बारिश के कारण गत रात्रि शोंगठंग के निकट परियोजना क्षेत्र लाला ढांक के पास भी पहाड़ी से भारी संख्या में चट्टानें गिरने से एनएच बुरी तरह अवरुद्ध हो गया है। जिला किन्नौर में बीते तीन दिनों से एनएच व संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ गई है। संचार व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो गई हैं। जिला के अधिकांश क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति दो दिनों से ठप है। लोगों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है।