# फुटबॉल एसोसिएशन सचिव के समर्थन में उतरी सिरमौर फुटबॉल एसोसिएशन|

Spread the love

महिला फुटबॉल खिलाडिय़ों के आरोपों के बाद गोवा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए हिमाचल प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव दीपक शर्मा के समर्थन में अब सिरमौर जिला फुटबॉल एसोसिएशन सामने आई है। नाहन में फुटबॉल एसोसिएशन के जिला महासचिव राकेश पाहवा पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान बड़ी संख्या में फुटबॉल खिलाड़ी भी मौजूद रहे।


फुटबॉल एसोसिएशन का कहना है कि दीपक शर्मा पर लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद हैं और जब तक कोई जांच रिपोर्ट सामने नहीं आती है, तब तक उनके खिलाफ कुछ भी कहना और निलंबन की मांग करना जल्दबाजी है। उन्होंने यह भी कहा कि नाहन में पत्रकार वार्ता कर कुछ लोगों द्वारा जो आरोप दीपक शर्मा पर लगाए गए थे, वह पूरी तरह गलत हैं।

साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आरोप लगाने वाले लोग सिरमौर फुटबॉल एसोसिएशन का हिस्सा नहीं है। उन्होंने कहा कि दीपक शर्मा कई सालों से फुटबॉल खेल को लेकर समर्पित रहे हैं और कई नए खिलाड़ी प्रदेश के अलग-अलग जिलों को दिए हैं और उनका हमेशा फुटबॉल के प्रति समर्पण रहा है।


गौर हो कि दीपक शर्मा मौजूदा समय सिरमौर जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव और एआईएफएफ के सदस्य हैं।