# पिकअप दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, एक घायल…

Spread the love

 जिला चम्बा की सर्पीली सड़कों पर हादसों का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब पुखरी- मसरुंड संपर्क मार्ग पर एक पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल का मेडिकल कॉलेज चम्बा में उपचार चल रहा है।

मृतक की पहचान काकू राम निवासी गांव व डाकघर झुलाड़ा के रूप में हुई है, जबकि विशाल निवासी गांव माणी डाकघर झुलाड़ा गंभीर रूप से घायल हुआ है। जानकारी के अनुसार यह दोनों पिकअप में सवार होकर पुखरी से मसरुंड की ओर जा रहे थे। जब वे हमलगल्ला के पास पहुंचे तो पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

इसमें चालक विशाल व काकू राम दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने तुरंत दोनों को मेडिकल कॉलेज चम्बा पहुंचाया, जहां काकू राम ने दम तोड़ दिया। एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के विस्तृत कारणों की जांच आरंभ कर दी है। मेडिकल कॉलेज चम्बा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।