शहर में पानी को लेकर बड़ी मुसीबत , चुप्पी साधे बैठा नगर निगम

Spread the love

सोलन। शहर में पानी की सप्लाई न होने पर अब मामला गरमाता जा रहा है। पानी को लेकर शहर में हाहाकार मचा हुआ है। लेकिन नगर निगम इस पर पूरी तरह चुप्पी साधे बैठा है। मालरोड समेत कई वार्डों में नौवें दिन भी पानी की सप्लाई नहीं हुई। इससे लोगों को अब काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निगम की ओर से सप्लाई से वंचित रहे क्षेत्रों में अभी तक टैंकरों से भी पानी का वितरण शुरू नहीं किया है। इस कारण लोगों को पानी खरीदना पड़ रहा है। वहीं जिन जगहों में प्राकृतिक स्रोत हैं उस क्षेत्र के लोग यहां से पानी ले जाने पर मजबूर हो रहे हैं।
इसके विपरीत शहर में जल शक्ति मंडल के तहत आने वाले वार्डों में लोगों को पर्याप्त सप्लाई मिल रही है। इसके चलते शहरवासी अब नगर निगम की चूक मान रहे हैं। वहीं पानी के वितरण पर भी लोगों ने सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने निगम को पानी के वितरण में पूरी तरह से फेल करार दे दिया है। निगम के उच्चाधिकारी समेत सप्लाई देख रहे तकनीकी कर्मचारी भी पानी के मुद्दे पर बोलने से भी अब कतराने लगे हैं। वहीं दूसरी ओर लोगों ने निगम के खिलाफ अब मोर्चा खोलने का भी मन बना लिया है।शहर के कई वार्डों में नगर निगम की ओर से पानी का वितरण किया जाता है। जब से जिले में बारिश हुई है उसके बाद से लोगों को पर्याप्त पानी की सप्लाई नहीं मिल पा रही है। इसके चलते शहर में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। निगम दावा कर रहा है कि जितनी सप्लाई आ रही है उतनी लोगों में आवंटित की जा रही है। मूलभूत सुविधाओं के लिए स्वयं ही पानी के टैंकर लोग खरीद रहे हैं। जबकि पीने के लिए पानी बोतलें खरीद कर काम चला रहे हैं। वहीं अब आने वाले दिनों में भी शहर में यही हाल रहता है तो लोगों ने निगम के खिलाफ मोर्चा खोलने की बात भी कह दी है।