हिमाचल न्यूज़ अलर्ट

भाजपा ने पालमपुर के रोटरी भवन में 34 साल पहले जून 1989 में राम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव पारित किया था।
पालमपुर में हुई भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी व अन्य। – फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर के लिए 22 जनवरी का दिन ऐतिहासिक होगा। अयोध्या में बन रहे राम मंदिर में पालमपुर का अहम स्थान होगा। भाजपा ने पालमपुर के रोटरी भवन में 34 साल पहले जून 1989 में राम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव पारित किया था। यहा विश्व हिंदू परिषद के नेताओं के साथ राष्ट्रीय भाजपा कार्यसमिति की बैठक हुई थी। यह बैठक तीन दिन 9 से 11 जून तक चली थी। बैठक में लाए गए राम मंदिर निर्माण के प्रस्ताव पर दो मिनट के भीतर ही मुहर लग गई थी। बैठक में अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, विजयाराजे सिंधिया और शांता कुमार के अलावा पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद थे।
विश्व हिंदू परिषद की ओर से अयोध्या में राम मंदिर बनाने के प्रस्ताव को पालमपुर में वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कार्यकारिणी की बैठक में रखा था। इस पर अटल बिहारी वाजपेयी ने मुहर लगाई थी। राष्ट्रीय भाजपा कार्यकारिणी की यह पहली बैठक थी। इसका सारा जिम्मा उस समय हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष रहे शांता कुमार को सौंपा गया था। इस बैठक में कुछ लोगों को छोड़कर आखिरी समय तक राम मंदिर निर्माण के प्रस्ताव की जानकारी किसी को नहीं थी। यही कारण था कि गांधी ग्राउंड में हुई भाजपा की रैली में थाने तक लोग खड़े नजर आए थे, जो अब तक पालमपुर के इतिहास में कभी नहीं हुआ है। भाजपा के नारे लगाते लोग सड़कों पर उतर आए थे। संवाद >> संबंधित पेज 2 पर
महाभारत देखने शांता के घर पहुंची थीं विजयाराजे सिंधिया
पालमपुर में बैठक में हिस्सा लेने पहुंचीं विजयाराजे सिंधिया शांता कुमार के घर टेलीविजन पर उस समय चले महाभारत सीरियल को देखने पहुंच गई गई थीं। इसकी किसी को भनक तक नहीं लगी थी। शांता कुमार ने कहा कि उस समय अपने घर पर विजयाराजे सिंधिया को अचानक देखकर वह भी हैरान हो गए थे। विजयाराजे महाभारत सीरियल को देखने से कभी नहीं चूकती थीं।
मंत्री विक्रमादित्य सिंह 22 को जाएंगे अयोध्या
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे। रविवार शाम को विक्रमादित्य सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट अपडेट कर कहा कि 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले समारोह में मैं मौजूद रहूंगा। बीते कुछ दिनों के दौरान विक्रमादित्य सिंह अयोध्या जाने को लेकर संशय में थे। मीडिया के पूछे जाने पर उन्होंने कहा था कि राम मंदिर तो जाऊंगा लेकिन 22 जनवरी के समारोह में शामिल रहूंगा या नहीं। यह मुख्यमंत्री से चर्चा करने के बाद बताया जाएगा। रविवार को विक्रमादित्य सिंह मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ रोहड़ू के दौरे पर थे। इस दौरान राम मंदिर समारोह को लेकर मुख्यमंत्री से चर्चा हुई होगी।
हर पंचायत से प्रतिनिधियों को ले जाएंगे अयोध्या : अनिरुद्ध
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कसुम्पटी की बैठक रविवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कमेटी के अध्यक्ष राम कृष्ण शांड़िल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मुख्य तौर क्षेत्र के विधायक एवं पंचायतीराज मंत्री अनिरूद्ध सिंह ने भी शिरकत की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत और विधानसभा क्षेत्र के नगर निगम वार्ड से 10-15 कार्यकर्ता राम मंदिर अयोध्या के दर्शन के लिए जाएंगे।
प्राण प्रतिष्ठा में भाग नहीं लेंगे शांता कुमार
अयोध्या में बने राम मंदिर की पालमपुर में बनी रूपरेखा के मुख्य आयोजक की भूमिका निभाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार 22 जनवरी को अयोध्या में राम प्रतिमा की होने वाली प्राण प्रतिष्ठा में भाग नहीं लेंगे। स्वास्थ्य कारणों इस समारोह में भाग नहीं लेंगे। अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता उन्हें मिल गया है। शांता कुमार ने इस समारोह में स्वास्थ्य के कारणों के चलते जाने से मना कर दिया है।