काथल में भूस्खलन से गौशाला ढही, चार मकानों को खतरा

Spread the love

सैंज घाटी की दुर्गम ग्राम पंचायत गाड़ापारली के काथल गांव में भूस्खलन के कारण एक गौशाला ढह गई है। साथ ही चार मकानों के गिरने का खतरा बना हुआ है। इससे ग्रामीण सहमे हुए हैं। भूस्खलन के कारण कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। गाड़ापारली पंचायत के काथल गांव के लोगों ने जिला प्रशासन से घरों को सुरक्षित बचाने की मदद के लिए गुहार लगाई है।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय काथल के साथ लगते चार घरों के बिल्कुल ठीक सामने पहाड़ी से भूस्खलन हो रहा है। इसके कारण पहाड़ी पर बने घरों के ढहने का खतरा है। अगर मकान गिर गए तो चार परिवार बेघर हो जाएंगे। भारी बारिश की सूरत में गौशाला की तरह ये घर भी जमींदोज हो जाएंगे। पिछले साल जुलाई में भारी बारिश के चलते कई घर भूस्खलन की चपेट में आए थे। बरसात के बीच लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सैंज घाटी में बीते दिन बारिश के चलते काथल गांव में भूस्खलन हुआ है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों को भूस्खलन की सूचना दी।

गाड़ापारली पंचायत के उपप्रधान अजय ठाकुर ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उपप्रधान अजय ठाकुर ने कहा कि पंचायत के काथल गांव में भूस्खलन के कारण ग्रामीण शिवचंद की गौशाला ढह गई है। ग्रामीण फागणु राम, रामू समेत चार परिवारों के घर भी धंसने के कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत की ओर से जिला प्रशासन और राजस्व विभाग को रिपोर्ट सौंप दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *