कॉलेजों को 11 साल बाद फिर सीधी भर्ती से मिलेंगे प्रिंसिपल, साक्षात्कार की तिथियां तय

Spread the love

हिमाचल प्रदेश के कॉलेजों को 11 साल बाद फिर सीधी भर्ती के माध्यम से प्रिंसिपल मिलने जा रहे हैं। आवेदनों की छंटनी के बाद राज्य लोक सेवा आयोग ने 25 पदों के लिए साक्षात्कार को 75 अभ्यर्थी बुलाए हैं। विभिन्न विषयों की प्रस्तुति, बातचीत और साक्षात्कार के आधार पर प्रिंसिपलों का चयन किया जाएगा। प्रदेश के कॉलेजों में प्रिंसिपलों के 35 पद खाली हैं। 25 पदों को सीधी भर्ती और शेष 10 पदों को पदोन्नति के माध्यम से भरा जाएगा। बीते दिनों ही सरकार ने प्रिंसिपलों के 70 पद पदोन्नति के माध्यम से भरे हैं। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता, शिक्षण अनुभव सहित कई अन्य मानकों के आधार पर चयन के लिए 100 अंक निधार्रित किए गए हैं। आयोग की ओर से इसको लेकर एक परफार्मा भी जारी किया गया है। 8 से 29 दिसंबर तक साक्षात्कार की प्रक्रिया चलेगी। सुक्खू सरकार ने उच्च शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए पदोन्नति के साथ-साथ कुछ पदों पर सीधी भर्ती के माध्यम से भी शिक्षकों को नियुक्त करने का फैसला लिया है। कुछ माह पूर्व आयोग ने प्रिंसिपलों की सीधी भर्ती से 25 पद भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। आवेदनों की छंटनी करने के बाद 75 अभ्यर्थियों को दूसरे चरण की चयन प्रक्रिया के लिए पात्र घोषित किया गया है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि पूर्व की सरकार के समय अधिकांश कॉलेजों में प्रिंसिपलों के पद रिक्त थे। कांग्रेस सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। पदोन्नति के साथ-साथ अब सीधी भर्ती से भी प्रिंसिपल भर्ती किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *