दोहरी दीवार में एक बार फिर भूस्खलन का खतरा ,ऑटो और बस स्टॉप को बदला गया

कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर दोहरी दीवार पर लगातार भूस्खलन हो रहा है। वहीं लगातार डंगें से भी पत्थर गिर रहे हैं। ऐसे में यहां पर भूस्खलन खतरा बना हुआ है। जिसे देखते हुए प्रशासन की ओर से ऑटो और बस स्टैंड का स्थान भी बदल दिया है। सपरून चौक से शहर को आने वाली सड़क किनारे ऑटो लगाए जा रहे हैं। वहीं बसें भी यात्रियों को अब यही छोड़ रही हैं ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। इसी के साथ सोलन से सुबाथू जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया है। जहां से बस और छोटे वाहन निकल रहे हैं।वहीं पहाड़ी से भूस्खलन होने से दरारें मिट्टी खिसकने के कारण गहरी होती जा रही है। इससे यहां पर संकट के बादल मंडराने शुरू हो गए हैं। इससे एहतियात के तौर पर हाईवे पर भी एक लेन बंद कर दी गई। खतरे को देखते हुए यहां से लोगों को पैदल चलने को भी मना किया है ताकि किसी की प्रकार के जोखिम से बचा जा सके।

सोमवार सुबह दोहरी दीवार पर भूस्खलन हुआ। इसके बाद से लगातार पहाड़ी दरक रही है। हालांकि यहां पर अब बेरिकेड्स लगा दिए गए हैं ताकि पहाड़ी से आने वाले पत्थर बेरिकेट के अंदर ही गिरे। वहीं जिस स्थान पर भूस्खलन हो रहा है वहां पर ऑटो और बस यात्री खड़े होकर इंतजार करते थे। ऐसे में इसे अस्थाई तौर पर बदला गया है। जिससे बड़ा हादसा न हो। वहीं अब तक की बारिश से जिले में 413.86 करोड़ रुपये का नुकसान हो गया है। मंगलवार देर रात हुई बारिश के कारण भी अधिक नुकसान लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग को हुआ है। जिले में अभी भी चार सड़कें बंद पड़ी हैं। इसे खोलने का प्रयास लोनिवि टीम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *