
आईपीएल में एक बार फिर विराट कोहली का धर्मशाला स्टेडियम में जलवा देखने को मिल सकता है। 26 मई को यहां आईपीएल का क्वालीफायर-1 मुकाबला खेला जाएगा। धर्मशाला के क्रिकेट इतिहास में यह पहली बार होगा, जब मैदान पर दो ऐसी टीमें आमने-सामने होंगी, जिनमें से कोई भी पंजाब किंग्स नहीं होगी। पंजाब किंग्स का दूसरा होम ग्राउंड धर्मशाला है। इसके कारण यहां का समीकरण इस बार पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने रविवार को धर्मशाला में ही पंजाब किंग्स को हराकर प्लेआफ के लिए क्वालीफाई कर लिया।टीम अब 13 मैचों में 9 जीत और 18 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। बेहतर रन रेट और एक मैच शेष होने के कारण आरसीबी की स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है। इसके चलते माना जा रहा है कि टीम टॉप दो टीमों में रहेगी। इसके चलते रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु धर्मशाला में पहला क्वालीफायर खेल सकती है।
धर्मशाला में विराट कोहली की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। इसको देखते हुए इस नॉकआउट मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह है। अब सभी की निगाहें 26 मई के बड़े मुकाबले और आरसीबी के सामने उतरने वाली दूसरी टीम पर टिकी हैं। एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि एसोसिएशन ने क्वालीफायर-1 के लिए प्रशासनिक और पिच संबंधी तैयारियां शुरू कर दी हैं, ताकि दर्शकों को बेहतरीन मुकाबला देखने को मिल सके।
