सीएम बोले– CBSE संबद्ध स्कूलों में तैनात शिक्षकों का मूल कैडर रहेगा सुरक्षित

Spread the love

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के लिए चयनित शिक्षकों का उनके मूल कैडर में अधिकार सुरक्षित रखा जाए, ताकि उनके पदोन्नति के अवसर प्रभावित न हों। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र से 140 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध किया जाएगा।

99 स्कूलों को संबद्धता मिली
पहले चरण में 99 स्कूलों को संबद्धता मिल चुकी है, जबकि शेष स्कूलों के लिए प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री ने इन सीबीएसई स्कूलों में प्रधानाचार्यों की नियुक्ति के लिए मौजूदा सेवा शर्तों में भी राहत प्रदान करने और शेष सेवा अवधि की अनिवार्यता को तीन वर्ष से घटाकर दो वर्ष करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों का एक अलग लोगो और वर्दी (यूनिफॉर्म कलर स्कीम) होगी। राज्य सरकार की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं इन संस्थानों में शैक्षणिक स्तर की प्रगति की निगरानी करेंगे।

उन्होंने आश्वासन दिया कि स्कूलों के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्कूलों में नो मोबाइल फोन नीति के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की, जो इस वर्ष 1 मार्च से लागू होने जा रही है। उन्होंने विभाग को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में शिक्षा सचिव राकेश कंवर, स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली, राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा अभियान राजेश शर्मा तथा शिक्षा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सीबीएसई टीचर स्क्रीनिंग टेस्ट को शिक्षा बोर्ड ने जारी किया सिलेबस
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) टीचर स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने विस्तृत सिलेबस जारी कर दिया है। शिक्षा बोर्ड की ओर से यह परीक्षा 22 मार्च को प्रदेश भर में करवाई जाएगी। बोर्ड ने लेक्चरार, प्रिंसिपल और टीजीटी पदों के लिए अलग-अलग पाठ्यक्रम निर्धारित किया है, ताकि प्रत्येक पद की भूमिका के अनुसार मूल्यांकन किया जा सके। बोर्ड की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रिंसिपल पद के लिए शैक्षिक नेतृत्व, विद्यालय प्रबंधन, नई शिक्षा नीति 2020, समावेशी शिक्षा, स्कूल प्रशासन और वित्तीय नियमों से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी गई है। वहीं लेक्चरर पद के लिए संबंधित विषय की गहन विषयवस्तु, शिक्षण विधि और मूल्यांकन प्रणाली पर आधारित सिलेबस तैयार किया गया है। टीजीटी पद के अभ्यर्थियों के लिए स्नातक स्तर के विषयों के साथ-साथ शैक्षिक मनोविज्ञान, शिक्षण कौशल और पाठ योजना से जुड़े विषय शामिल किए गए हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार सीबीएसई स्कूलों में भर्ती के लिए बोर्ड की ओर से आयोजित की जाने वाली स्क्रीनिंग टेस्ट के लिए सिलेबस जारी कर दिया गया है। इस सिलेबस को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *