
Himachal Pradesh में स्कूल शिक्षा निदेशालय ने हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल की बेटी गीतांजलि कश्यप को सेवा विस्तार देने के बाद प्रिंसिपल पद पर पदोन्नत कर दिया है।
गीतांजलि कश्यप पहले डाइट सोलन में प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थीं। कुछ दिन पहले ही उन्हें छह माह का सेवा विस्तार दिया गया था। अब शिक्षा निदेशालय ने 56 प्रवक्ताओं और हेडमास्टरों को पदोन्नत कर प्रिंसिपल नियुक्त किया है, जिनमें उनका नाम भी शामिल है। पदोन्नति आदेश 28 फरवरी को जारी किए गए।
पदोन्नत अधिकारियों को दिसंबर 2025 से वित्तीय लाभ प्रदान किए जाएंगे। साथ ही, उन्हें विभिन्न स्कूलों में तैनाती के लिए अलग से आदेश जारी किए जाएंगे। हालांकि, अभी तक गीतांजलि कश्यप के स्थानांतरण संबंधी निर्देश जारी नहीं हुए हैं।
गौरतलब है कि सोलन से भाजपा प्रत्याशी रहे डॉ. राजेश कश्यप की पत्नी और कैबिनेट मंत्री धनीराम शांडिल की बेटी गीतांजलि कश्यप को सेवा विस्तार के आदेश पदोन्नति से पहले ही मिल चुके थे।
उधर, Indira Gandhi Medical College and Hospital (आईजीएमसी) की प्राचार्य डॉ. सीता ठाकुर को भी सरकार ने एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया है। इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। डॉ. ठाकुर 28 फरवरी को सेवानिवृत्त होने वाली थीं, लेकिन अब सेवा विस्तार के चलते वह 28 फरवरी 2027 तक अपने पद पर बनी रहेंगी। इसके बाद वह सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त होंगी।
