हिमाचल में बीएड को लेकर बड़ा फैसला—इंटर्नशिप पर जोर, 23 मई को एग्जाम; जानिए पूरा अपडेट

Spread the love

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए बीएड कोर्स का सिलेबस व प्रवेश प्रक्रिया की अधिसूचना जारी कर दी है। पहली बार नई शिक्षा नीति के प्रावधानों के अनुसार पूरा पाठ्यक्रम तैयार किया गया है, जिसमें पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और लगातार मूल्यांकन को विशेष महत्व दिया गया है।

नई व्यवस्था के अनुसार बीएड कोर्स दो साल का रहेगा और इसे चार सेमेस्टर में पूरा किया जाएगा। प्रत्येक सेमेस्टर में कम से कम 100 कार्य दिवस और लगभग 600 शिक्षण घंटे निर्धारित किए गए हैं। छात्रों के लिए 80 प्रतिशत उपस्थिति जरूरी रखी गई है, जबकि स्कूल इंटर्नशिप के दौरान 90 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। तय सीमा से कम उपस्थिति होने पर छात्रों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं मिलेगी।

मूल्यांकन प्रणाली में भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब केवल एंड सेमेस्टर परीक्षा पर निर्भरता खत्म कर दी गई है। कुल अंकों का 20 प्रतिशत हिस्सा सतत समग्र मूल्यांकन (सीसीए) से तय होगा, जिसमें कक्षा में उपस्थिति, मिड-टर्म टेस्ट और असाइनमेंट शामिल होंगे। शेष 80 प्रतिशत अंक एंड सेमेस्टर परीक्षा से मिलेंगे। 

आवेदन 4 अप्रैल से शुरू हैं और 11 मई तक भरे जाएंगे। एडमिट कार्ड 19 मई को जारी होंगे और 23 मई को प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। परिणाम 9 जून तक घोषित होने की संभावना है।

यह हैं हर सेमेस्टर के विषय
पहले सेमेस्टर में चाइल्डहुड एंड डेवलपमेंट और कंटेंपरेरी इंडिया एंड एजुकेशन जैसे बुनियादी विषय शामिल हैं। दूसरे सेमेस्टर में लर्निंग एंड टीचिंग और असेसमेंट फॉर लर्निंग के साथ छात्रों को अपने विषयों के अनुसार टीचिंग सब्जेक्ट चुनने होंगे। तीसरे सेमेस्टर में इन्हीं विषयों की प्रैक्टिस और स्कूल इंटर्नशिप कराई जाएगी। चौथे सेमेस्टर में जेंडर, समावेशी शिक्षा, आईसीटी और आत्म विकास जैसे आधुनिक विषय जोड़े गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *