अप्रैल में भी सर्दी का कहर! हिमाचल में फिर शुरू हुई बर्फबारी—जानिए आखिर कब तक खराब रहेगा मौसम

Spread the love

राजधानी शिमला में मंगलवार रात से बारिश हो रही है। वहीं, बुधवार को अटल टनल समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। कुल्लू अटल टनल रोहतांग सहित लाहौल के रिहायशी इलाकों में देर रात से बर्फबारी का क्रम जारी है। कुल्लू में मंगलवार रात से बारिश हो रही है। बारिश के चलते कुल्लू में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मनाली से केलांग के बीच फोर बाई फोर वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों की आवाजाही रूक गई है। बारिश के चलते कुल्लू में 40 से अधिक ट्रांसफार्मर और 16  सड़कें बंद हैं।


वहीं, ऑरेंज अलर्ट के बीच मंगलवार को रोहतांग दर्रा सहित भरमौर और पांगी की चोटियों पर बर्फबारी हुई। शिमला में दोपहर बाद बादल बरसे। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मंगलवार को बादल छाए रहे। हवाएं चलने से फिर ठंडक बढ़ गई है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में मंगलवार को सोमवार के मुकाबले सात से आठ डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज हुई। कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिला के कई क्षेत्रों में बुधवार को अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। प्रदेश में नौ अप्रैल को भी मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान है। दस अप्रैल को धूप खिलने की संभावना है। 11 से 13 तक फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कई जगह बारिश, बर्फबारी और अंधड़ के आसार हैं।

मंगलवार दोपहर बाद 13,050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। बीआरओ ने ग्रांफू-काजा सड़क की बहाली का कार्य शुरू किया हुआ है। वाहन मंगलवार को अटल टनल रोहतांग से कोकसर पहुंचे। जिला चंबा में भरमौर और पांगी की ऊपरी चोटियों में 7 से लेकर 17 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। वहीं, निचले क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश का क्रम जारी रहा। मौसम के बदले मिजाज ने ठंड बढ़ा दी है। जिले में मंगलवार को पांगी-सलूणी में दो सड़कें बंद रहीं। नौ ट्रांसफार्मर बंद होने से 45 गांवों में अंधेरा पसरा रहा। विभागीय टीमें पटरी से उतरी सेवाओं को सुचारु करने के कार्य में जुटी हुई हैं। पांगी के कणू नाला के पास भूस्खलन के बाद जाम लगा हुआ है। ऊना, नाहन और सोलन जिला में भी दोपहर के समय हल्की बारिश हुई। सोमवार रात को कुकुमसेरी-कल्पा में न्यूनतम तापमान 0.4, ताबो में 1.1, मनाली में 5.5, शिमला में 8.0, सोलन में 8.5, धर्मशाला में 11.2, नाहन में 12.0, मंडी में 12.1, कांगड़ा में 13.2, ऊना में 13.7 और बिलासपुर में 14.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

जिलेभर में रातभर से तेज बारिश हो रही है। इससे कई सड़कें बंद हैं, वहीं सुबह के समय कई बसें भी लोकल रूटों पर बंद रही। सबसे ज्यादा परेशानी अभिभावकों को बच्चों को स्कूल छोड़ने में आई। उन्होंने बारिश में बच्चों को स्कूल छोड़ने जाना पड़ा। वहीं लगातार हो रही बारिश से ठंड भी काफी अधिक हो गई है। अभी भी बारिश का क्रम जारी है।

ऊपरी शिमला के कई क्षेत्रों में अप्रैल में बर्फबारी हुई है। निचले क्षेत्रों बीती रात से लगातार बारिश जारी है। बुधवार सुबह नारकंडा, चौपाल के बागी में ताजा हिमपात हुआ। किनौर की ऊंची चोटियों पर भी हिमपात हुआ है। जबकि कल्पा, रिकांगपिओ, सांगला में बारिश जारी है। कुल्लू के जलोड़ी जोत में भी बर्फबारी हुई है। इस बारिश और बर्फबारी ने शिमला के बागवानों पर कहर ढहाया है। इस दिनों सेब के पेड़ों पर फूल आ रहे हैं। इस बारिश और बर्फबारी से उनके झड़ने की आशंका है, जिससे पैदावार पर असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *