
शिमला के संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल पर नकाबपोश हमलावरों ने चार गोलियां चलाई थीं। तीन गोलियां उनके सिर पर लगीं। दो गोलियां सिर के आरपार हो गईं, जबकि एक गोली पोस्टमार्टम के दौरान सिर के भीतर से बरामद की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोल भी बरामद किए हैं। हत्याकांड के 24 घंटे बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है।
हालांकि, अभी हत्या के कारणों और उसके पीछे की वजह को लेेकर कोई भी स्थिति साफ नहीं है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने इस सनसनीखेज वारदात की गुत्थी को सुलझाने के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है। मनीषा मित्तल शनिवार शाम छह बजे के करीब बेटी को नूडल्स लाने के लिए स्कूल परिसर से बाहर निकलकर दुकान गईं थी।
इस दौरान उनकी बेटी घर पर ही मौजूद थी। वह हमेशा बेटी के कमरे को बाहर से ताला लगाकर सामान लाने बाहर जाती थीं। दुकान से नूडल्स खरीदने के बाद जब मनीषा गेट नंबर-1 पर पहुंची तो अचानक दो नकाबपोश हमलावरों ने उन पर एक के बाद एक फायर किए। इससे मनीषा मौके पर गिर पड़ीं। जब मनीषा वापस नहीं आईं तो बेटी ने उनके मोबाइल पर कई बार फोन किए लेकिन कोई जवाब नहीं आया।घटना के समय गेट के दूसरी तरफ सुरक्षा कर्मी भी था, जो गेट खोलने के लिए आ रहा था। इसी दौरान मनीषा पर जानलेवा हमला हो गया। जिस तरह से पूरी वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे आशंका जताई जा रही है कि सुनियोजित तरीके से रेकी करके इस हमले को अंजाम दिया गया है। इसमें हत्या से पहले मनीषा के घर से बाहर आने के समय और अन्य गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस संपत्ति विवाद, आपसी रंजिश समेत अन्य विभिन्न पहलुओं को लेकर जांच कर रही है। रविवार को भी पुलिस की टीम स्कूल परिसर में मौजूद रही।
इस दौरान पुलिस की टीम आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही आसपास के लोगों से भी घटना के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। मनीषा मूल रूप से रोहतक की रहने वाली थीं। अभी रेवाड़ी में रह रही थीं। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली क्षेत्र में स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की अज्ञात हमलावरों ने बीते दिन गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। शनिवार शाम को दो नकाबपोश अज्ञात हमलावरों ने स्कूल के मुख्य गेट के बाहर मनीषा के सिर पर गोलियां दागीं। इससे वह अचेत होकर वहीं गिर पड़ीं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
हरियाणा पहुंची शिमला पुलिस, भाई से पूछताछ
सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की हत्या के मामले में पुलिस की टीम हरियाणा पहुंच गई है। पुलिस ने यहां मनीषा के भाई हेमांक मित्तल को पूछताछ के लिए तलब किया और उनसे मामले से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं। मनीषा की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर उनके कई पुराने वीडियो सामने आए थे, जिसमें उन्होंने अपने भाई के साथ संपत्ति विवाद की बात बताई थी। वहीं पुलिस ने मनीषा के पति के भी बयान दर्ज किए हैं। हालांकि, अभी हत्या के कारणों और उसके पीछे की वजह को लेेकर कोई भी स्थिति साफ नहीं है। वहीं क्षेत्र के लोग भी शिमला जैसे शांत क्षेत्र में इस तरह की बड़ी वारदात सामने आने से डरे हुए हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन और प्रदेश सरकार से हमलावरों को जल्द पकड़ने की मांग उठाई है
