
हिमाचल प्रदेश जालसाजों के निशाने पर है। अहम पहलू यह है कि अब तक प्रदेश में हुईं की भर्ती परीक्षाओं के फर्जीवाड़े में हरियाणा के लोगों का कनेक्शन लगातार सामने आया है। नवोदय विद्यालय समिति के गैर शिक्षक पदों की भर्ती परीक्षा में फर्जीवाड़े के ताजा मामले से पहले साल 2024 में डाकघर भर्ती घोटाले में हरियाणा के भिवानी और हिसार से फर्जी दस्तावेज बरामद हुए थे। वर्ष 2022 में पुलिस कांस्टेबल भर्ती मामले में भी रोहतक के कोचिंग सेंटर संचालक को चार्जशीट किया गया था। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इन दोनों मामलों की जांच की है। इतना ही नहीं, ग्रामीण डाक सेवक भर्ती परीक्षा में भी हरियाणा के कुछ लोगों के फर्जी दस्तावेजों पर नौकरी हासिल करने का खुलासा हो चुका है।
फरवरी 2024 में हिमाचल प्रदेश डाकघर भर्ती घोटाले में सीबीआई ने दो मामले दर्ज किए थे। यह मामले फर्जी शैक्षणिक योग्यता दस्तावेज जमा करके नौकरी हासिल करने के आरोपों से संबंधित थे। जांच में हरियाणा के भिवानी और हिसार जिलों में आरोपियों के परिसरों पर तलाशी भी ली गई थी और कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए थे। जांच के दौरान पंजाब, बिहार और हरियाणा में छापा मारा गया और कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार भी किया गया था। इनमें हरियाणा के रोहतक का एक व्यक्ति भी शामिल था। वर्ष 2022 में पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में हरियाणा सहित बाहरी राज्यों के संगठित गिरोहों की संलिप्तता पाई गई थी।
हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2022 में हरियाणा के गिरोह की संलिप्तता सामने आई थी। ग्रामीण डाक सेवक भर्ती परीक्षा में हरियाणा से संबंधित आरोपियों के फर्जी दस्तावेजों पर नौकरी हासिल करने का मामला सामने आ चुका है। अक्तूबर 2023, फरवरी 2024 और जून 2024 में दर्ज मामलों में हरियाणा के आरोपियों की भूमिका पाई गई है। ग्रामीण डाक सेवक भर्ती परीक्षा में हरियाणा के गिरोह की भूमिका मुख्य रूप से फर्जी शैक्षिक प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने से संबंधित रही है। हरियाणा के कुछ अभ्यर्थियों ने 10वीं कक्षा की फर्जी मार्क्सशीट का उपयोग करके नौकरियां हासिल कीं।
भर्ती परीक्षा फर्जीवाड़े को लेकर सूचना मिली है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी। पुलिस मुख्यालय भी मामले पर कड़ी नजर बनाए हुए है। सोमवार को इस मामले पर संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट लेने के बाद आगामी निर्देश जारी किए जाएंगे।