
हिमाचल प्रदेश में कोरोना का दूसरा मामला सामने आया है। सिरमौर के बाद नालागढ़ के भाटियां स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। महिला ने वायरल (सर्दी-जुकाम) होने पर नालागढ़ के निजी अस्पताल में कोरोना टेस्ट करवाया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना बीएमओ नालागढ़ को दी। वहीं बीएमओ ने महिला कर्मी को आइसोलेट कर दिया है।
बताया जा रहा है कि महिला की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। वहीं उसके संपर्क में आए लोगों के सैंपल भी नहीं लिए गए हैं। हालांकि प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। कंपनी में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों को भी सर्दी-जुकाम होने पर टेस्ट करवाने के निर्देश दिए हैं। उधर, बीएमओ नालागढ़ डॉ. कविराज नेगी ने बताया कि निजी कंपनी में कार्यरत एक महिला कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। महिला को आइसोलेट कर दिया गया है। महिला के संपर्क में आने वालों के सैंपल लेने के लिए सरकार या विभाग से कोई गाइडलाइन नहीं है। आलाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। आगामी कार्रवाई उनके निर्देशानुसार होगी। लोगों से अपील है कि कोरोना से बचाव के लिए मास्क का प्रयोग करें और भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें।
- मास्क पहनें: भीड़-भाड़ वाली जगहों, खासकर बंद स्थानों में अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क (जैसे N95 या KN95) पहनें।
- हाथ धोएं: बार-बार साबुन और पानी से कम से कम 20 सेकंड तक हाथ धोएं या सैनिटाइज़र का उपयोग करें।
- सामाजिक दूरी: दूसरों से कम से कम 1-2 मीटर की दूरी बनाए रखें, खासकर अगर कोई बीमार हो।
- भीड़ से बचें: बंद और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
- स्वच्छता: चेहरा, नाक, मुंह छूने से पहले हाथ धोएं और सतहों को नियमित रूप से साफ करें।
- वेंटिलेशन: बंद जगहों में हवा का प्रवाह बनाए रखें, खिड़कियां खोलें।
- लक्षणों पर नजर: बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और टेस्ट करवाएं।
- स्वस्थ जीवनशैली: इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए संतुलित आहार, व्यायाम और पर्याप्त नींद लें।