
उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शुक्रवार को दो दिन के दाैरे पर शिमला पहुंचे। पहले उनका गुरुवार को शिमला पहुंचने का कार्यक्रम था। उप राष्ट्रपति चंडीगढ़ से हेलिकाॅप्टर में शिमला के अनाडेल पहुंचे। अनाडेल में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उप राष्ट्रपति का स्वागत किया। इस दाैरान कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी माैजूद रहे। इसके बाद उप राष्ट्रपति का काफिला राजभवन के लिए रवाना हुए। उप राष्ट्रपति के दाैरे को देखते हुए 11:00 से दोपहर करीब 12:00 बजे तक अनाडेल-विधानसभा (विस) और शिल्ली चौक-ओक ओवर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रखी गई। 7 जून को वह डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी में एक संवाद कार्यक्रम में धनखड़ बतौर मुख्य अतिथि मौजूद होंगे।
उपराष्ट्रपति के दाैरे केा लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर आज शहर के कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होगी। इसको लेकर पुलिस विभाग ने आम लोगों से इन मार्गों की जगह वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक ऐसे वाहनों को क्रेन के जरिये हटा दिया जाएगा। पुलिस विभाग ने कुमार हाउस आने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों से भी अपील की है कि सिर्फ वही अपनी गाड़ी कार्यालय लेकर आएं जिनके पास पार्किंग की सुविधा है।
ट्रैफिक ड्यूटी पर 300 से अधिक जवान तैनात
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के शिमला दौरे को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक ड्यूटी पर 300 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की है। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस स्टाफ भी मंगवाया है। डीएसपी ट्रैफिक संदीप शर्मा ने शहरवासियों से अपील की है कि उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर लोग उपरोक्त मार्गों का बहुत जरूरी होने पर ही इस्तेमाल करें। इसकी जगह लोग वैकल्पिक मार्गों से आवाजाही कर सकते हैं।