
राज्य के आठ स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है। जबकि छह स्थानों पर शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
हिमाचल प्रदेश के कई जिले बीते दिनों हुई बारिश-बर्फबारी के बाद शीतलहर की चपेट में हैं। राज्य के आठ स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में चल रहा है। जबकि छह स्थानों पर शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान माइनस 14.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य के सभी भागों में 14 फरवरी तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। इस दौरान तापमान में कुछ बढ़ोतरी से ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, आज शिमला व अन्य भागों में मौसम साफ बना हुआ है। ऊना, कांगड़ा, धौलाकुआं, बरठीं में शीतलहर का असर देखने को मिला। आज भी प्रदेश के कई भागों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 0.9, सुंदरनगर 0.2, भुंतर 0.1, कल्पा -4.2, धर्मशाला 3.2, ऊना 1.6, नाहन 4.5, पालमपुर 0.5 , सोलन 0.8, मनाली -2.0, कांगड़ा 2.8, मंडी 1.7, बिलासपुर 4.0, चंबा 2.6, जुब्बड़हट्टी 3.2, कुफरी -1.8, कुकुमसेरी -14.2, नारकंडा -4.4, भरमौर -2.9, रिकांगपिओ -0.7, सेऊबाग 1.0, धौलाकुआं 3.4, बरठीं 1.1, समदो -9.0, पांवटा साहिब 7.0 और सराहन में 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
254 सड़कें अभी भी बंद
उधर, राज्य में गुरुवार सुबह 10:00 बजे तक तीन नेशनल हाईवे और 254 सड़कें यातायात के लिए बंद रहीं। इसके अलावा 80 बिजली ट्रांसफार्मर ठप होने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित है। राज्य में 22 पेयजल आपूर्ति योजनाएं भी बाधित चल रही हैं। बीते दिनों हुई बर्फबारी से शिमला जिले में अभी भी 26 सड़कें बंद हैं। वहीं, लाहौल-स्पीति में 125, मंडी 24, कुल्लू 41 और चंबा में 37 सड़कें बाधित हैं।