
इस बार हिमाचल प्रदेश की छोटी काशी में ‘रंगोत्सव मंडी 2025’ के रूप में आयोजित भव्य होली उत्सव में पारंपरिक और आधुनिक रंगों का अनूठा संगम देखने को मिला। सेरी चानणी मैदान में इस उत्सव को शिक्षाविद धर्मेंद्र राणा, युवा व्यापारी दीप कपूर और सामाजिक कार्यकर्ता मोनिका ठाकुर ने संयुक्त रूप से आयोजित किया। इस दाैरान डीजे की धुनों पर रंगों की बरसात हुई और युवाओं ने जोश व उल्लास के साथ उत्सव का आनंद लिया। इस दाैरान खूब अबीर-गुलाल उड़ा। रंगोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त किए हैं
सादी वर्दी और ड्यूटी वर्दी में पुलिसकर्मी पूरे आयोजन पर नजर रख रहे हैं। चौहटा से विक्टोरिया के बीच यातायात वन-वे किया गया। बाइक पर हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। सेरी चानणी मैदान में भारी संख्या में लोग जुटेंगे और शांति और उल्लास के साथ इस पर्व को मनाएंगे।
कुल्लू में होली उत्सव की धूम, खूब उड़ा गुलाल
जिला कुल्लू में गुरुवार सुबह से रंगों के उत्सव होली की धूम मची हुई है। शहर में जगह-जगह युवाओं की टोलियां एक-दूसरे को रंग लगाकर होली उत्सव को मनाया। कहीं नाटी तो कहीं डीजे की धुन पर युवा जमकर थिरकते नजर आएं। उधर बंजार घाटी के गोशाल गांव में आज देवता बुगंडू महादेव के साथ सैकड़ों लोगों ने होली खेली।
होली महोत्सव पर जोगिंद्रनगर में पहली बार निकाली राधा-कृष्ण की झांकियां
मंडी जिला के जोगिंद्रनगर में पहली बार राधा-कृष्ण की झांकियां निकाली गईं। रामलीला मैदान में होली महोत्सव पर खूब गुलाल उड़ा। इस दौरान स्थानीय गायक कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज से उपस्थित जनसमूह को खूब झूमाया। गुरुवासर सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक डीजे की धुनों में भी थिरकते हुए युवा युवतियों ने रंगों का महोत्सव बड़ी हर्षोल्लास से मनाया। मंडी के सेरी मंच की तर्ज पर शहर में पहली बार आयोजित इस होली महोत्सव में युवतियों में खूब उत्साह देखने को मिला। मुख्य आयोजक रूद्राक्ष वैल्फेयर सोसायटी के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर, सचिव सुनीत कुमार ने बताया कि रंगों के इस पवित्र त्योहार को सामूहिक तौर पर मनाने का जो प्रयास उन्होंने किया था उसमें सफलता मिली है। लधुरूही मंदिर के संचालक राम मोहनदास रमायणी ने राधा-कृष्ण की झांकियों की अगुवाई की। शहरवासियों ने राधाकृष्ण की झांकियां का स्वागत किया।