सुक्खू, मुकेश और प्रतिभा सिंह ने प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से दिल्ली में की मुलाकात, जानें

Himachal Congress Sukhu Mukesh and Pratibha Singh met state in-charge Rajni Patil in Delhi

हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने प्रदेश संगठन को लेकर वीरवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के साथ बैठक की। इसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कमेटी के गठन को लेकर मंथन किया गया। पहले ये नेता अलग-अलग प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से मिले। दोपहर बाद फिर सभी के साथ बैठक हुई। बैठक में जिला अध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के नामों की अंतिम सूची फाइनल कर हाईकमान को दी गई। इसके साथ ही निगम बोर्डों में पदाधिकारियों की तैनाती को लेकर भी चर्चा हुई है।

उल्लेखनीय है कि संगठन को लेकर पर्यवेक्षकों ने पहले ही हाईकमान को अपनी रिपोर्ट सौंप दी थी। वहीं, शिमला में बैठक में रजनी पाटिल ने संगठन के पदाधिकारियों और नेताओं के साथ बैठकर फीडबैक लिया था। इसके साथ ही मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की ओर से भी सुझाव दिए गए थे। इसको आधार मानते हुए पदाधिकारियों की तैनाती को लेकर नाम लिस्ट बनाई गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खरगे की मंजूरी के बाद ही इसे जारी किया जाएगा।

कांग्रेस पार्टी हाइकमान मिशन-2027 और इस साल दिसंबर में होने वाले पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के मद्देनजर नियुक्ति करेगा। सूत्रों की माने तो लंबे समय से संगठन के लिए कार्य कर रहे पदाधिकारी और कार्यकर्ता जिन्हें सरकार में कोई स्थान नहीं मिला है, उन्हें संगठन में शामिल किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने हाइकमान के समक्ष इसकी जोरशोर से पैरवी की है। पार्टी में संगठनात्मक ढांचा बदलने की प्रक्रिया भी चली हुई है। इसको लेकर भी तीनों की राय जानी गई है। उल्लेखनीय है कि नई व्यवस्था में 17 जिला, संगठनात्मक जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की संख्या 140 करने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *