राज्य सरकार ने माध्यमिक स्कूलों में कला अध्यापकों और शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की भर्ती के लिए न्यूनतम विद्यार्थी संख्या की शर्त समाप्त करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इसके लिए पिछली जयराम सरकार का फैसला पलट दिया है। बुधवार को शिमला में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कला अध्यापकों और शारीरिक शिक्षा अध्यापकों की भर्ती के लिए सूबे के राजकीय माध्यमिक स्कूलों में न्यूनतम 100 विद्यार्थी होने की लंबे समय से चली आ रही शर्त को समाप्त करने जा रही है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग को शर्त को समाप्त करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। प्रस्तावित परिवर्तन का उद्देश्य राज्य में शैक्षणिक अवसरों का विस्तार करना और शिक्षण कार्य बल को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि माध्यमिक विद्यालयों को कला अध्यापकों और शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की नियुक्ति के लिए न्यूनतम 100 विद्यार्थियों का नामांकन बनाए रखना अनिवार्य है। प्रदेश सरकार युवाओं के हितों के संरक्षण को सर्वोच्च अधिमान देते हुए उन्हें गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
