सोलन। भाजपा सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष व नगर निगम पार्षद शैलेंद्र गुप्ता ने शहर में लंबे समय से चल रहे पेयजल संकट को लेकर जलशक्ति विभाग की कार्यशैली सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि शूलिनी मेले तक जल आपूर्ति सामान्य थी जबकि उन दिनों में हमेशा दिक्कत आती थीं। सच्चाई यह है कि सबसे गंभीर संकट 29 जून से 14 जुलाई के बीच आया, उसे विभाग छिपा रहा है और शहर की जनता को गुमराह किया जा रहा। शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि हाल ही में हुए प्रदर्शन के बाद विभाग की ओर से जल आपूर्ति में अचानक बड़ा सुधार देखने को मिला। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के तुरंत बाद शहर को 95 लाख लीटर पानी मिला और अगले दिन यानी सोमवार को यह मात्रा 1.10 करोड़ लाख लीटर के करीब पहुंच गई। उन्होंने सवाल उठाया कि जबकि गाद की समस्या जस की तस बनी हुई है तो फिर अचानक यह सुधार कैसे संभव हुआ। भाजपा नेता ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह जल संकट नहीं, बल्कि व्यवस्था का संकट है।
