# बर्फबारी के बाद शीतलहर, नौ स्थानों का न्यूनतम तापमान माइनस में, 300 सड़कें अभी भी ठप|

Himachal Weather update: Cold wave after snowfall, minimum temperature at nine places in minus

 कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान -14.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। आज व कल राज्य के निचले व मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है।  

बर्फबारी के बाद हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्र शीतलहर की चपेट में हैं। नौ स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया है। कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान -14.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। आज व कल राज्य के निचले व मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है।  मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार उच्च पर्वतीय कुछ क्षेत्रों में 29 फरवरी तक मौसम खराब रह सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से राज्य के कई भागों में 26 व 27 फरवरी को बारिश-बर्फबारी की संभावना है।  आज राजधानी शिमला व अन्य भागों में मौसम साफ बना हुआ है। उधर, बीते दिनों हुई बर्फबारी से राज्य में अभी भी 300 से अधिक सड़कें यातायात के लिए ठप हैं। वहीं,  162 बिजली ट्रांसफार्मर व 11 पेयजल आपूर्ति स्कीमें भी बाधित हैं। 

कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 1.2, सुंदरनगर 1.6, भुंतर 0.1, कल्पा -5.0, धर्मशाला 5.2, ऊना 3.2, नाहन 6.1, पालमपुर 2.5, सोलन 0.7, मनाली -1.9, कांगड़ा 4.2, मंडी 2.1, बिलासपुर 3.5, चंबा 2.6, डलहौजी 2.0, जुब्बड़हट्टी 4.4, कुफरी -1.2, कुकुमसेरी -14.8, नारकंडा -3.7, भरमौर -2.5, रिकांगपिओ -1.5, सेऊबाग -1.0, धौलाकुआं 4.8, बरठीं 1.9, समदो -8.9, पांवटा साहिब 10.0, सराहन 0.0 और देहरागोपीपुर में 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *