# रात को मकान में भड़की आग, बच्चे की दम घुटने से मौत, माता-पिता झुलसे|

Fire broke out in the house at night, child died of suffocation, parents burnt

सोलन जिले के नालागढ़ के दभोटा पंचायत की हरिजन बस्ती में एक मकान में आग लगने से चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। जबकि बच्चे के माता-पिता भी बुरी तरह से झुलस गए हैं।

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ के दभोटा पंचायत की हरिजन बस्ती में एक मकान में आग लगने से चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। जबकि बच्चे के माता-पिता भी बुरी तरह से झुलस गए हैं। पिता की हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। गांव के लोगों ने आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया।  यह हादसा सोमवार देररात का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार दभोटा गांव के रमेश कुमार के घर में देररात आग लगी। आग लगने के दौरान सतनाम सिंह अपनी पत्नी व चार साल के बेटे बिहान के साथ मकान के अंदर अपने कमरे में सोया हुआ था। बिजली नहीं होने के चलते उन्होंने मोमबत्ती जलाकर फ्रिज पर रख ली। इस बीच वह दोनों सो गए। लेकिन मोमबत्ती नहीं बुझाई। मोमबती से आग भड़क गई और पूरे कमरे में फैल गई।

नींद में सोए हुए सतनाम व उसकी पत्नी का जब धुएं से सांस घुटने लगा तो वह डर गए और  यह भूल गए कि दरवाजा किस ओर है। उन्होंने बचाव के लिए शोर मचाया। इसके बाद पूरा गांव रात को वहां जमा हो गया। कुल्हाड़ी से दरवाजा काटा और दरवाजा कटने के बाद दोनों पति-पत्नी को निकाला।

लेकिन बच्चा आग में बुरी तरह झुलस गया। इसके बाद सतनाम सिंह व बिहान को पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन बिहान ने रास्ते में दम तोड़ दिया। सतनाम की पत्नी की हालत में सुधार होने से उसे भरतगढ़ अस्पताल से घर भेज दिया गया है।  प्रशासन की ओर से एसडीएम दिव्यांशु सिंगल ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम मौके पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *