जागो में हर्ष फायरिंग की घटना, गोली लगने से बच्ची घायल; पीजीआई किया रेफर

Spread the love

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के दभोटा पंचायत के बोदला गांव में एक विवाह समारोह में युवक ने पिस्टल से हर्ष फायरिंग की, जिससे छह साल की बच्ची घायल हो गई। बच्ची को घायल अवस्था में उसके पिता कुलविंद्र सिंह रोपड़ अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को पीजीआई रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची के हालत खतरे से बाहर है। पुलिस के अनुसार यह घटना शनिवार देर रात की है। बोदला गांव के सुरजीत की पोती का विवाह था। इस दौरान दुल्हन के परिजन शाम के समय जागो निकाल रहे थे। इस दौरान एक युवक बलबीर सिंह ने हवा में फायर किए। उसके बाद उसने जागो में नाचते हुए फायर किए।

जैसे ही वह फायर कर रहा था तो पड़ोसी कुलविंद्र की 6 साल की बच्ची प्रभजोत भी अन्य लोगों के साथ नाच रही थी। अचानक बच्ची को गोली लगी और वह बेहोश होकर गिर गई। बच्ची के पिता कुलविंद्र सिंह एक निजी कंपनी में तैनात है। कुलविंद्र ने बताया कि जिस समय घटना हुई, वह मौके पर नहीं था। शादी वाले परिवार ने उसके घर के साथ खेत में टेंंट लगा रखा था। उसे भी विवाह में बुलाया गया था। उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं था। अब गोली कैसे लगी, इसका उन्हें कोई पता नहीं है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *