
हिमाचल प्रदेश में रविवार को हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। रोहतांग दर्रा के साथ लगती चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई है। राजधानी शिमला में बूंदाबांदी हुई। एक जून को भी प्रदेश में बारिश के आसार हैं। छह जून तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बने रहने का पूर्वानुमान है। तीन से छह जून तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में अंधड़ चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है।
रविवार को कुल्लू, मंडी, चंबा, कांगड़ा जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। ऊना जिले में भी सुबह के समय हल्के बादल छाए रहे। इससे लोगों को प्रचंड गर्मी में काफी हद तक राहत मिली है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना जताई है। बदले मौसम के बीच प्रदेश में अधिकतम तापमान में भी सामान्य से करीब 8 डिग्री की कमी दर्ज हुई। बीते दिनों लू की चपेट में चल रहे मैदानी जिलों में भी अब पारा गिरने से गर्मी से राहत मिली है।
पर्वतीय जिलों में सुबह-शाम के समय मौसम में ठंडक
मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक भी बढ़ गई है। शनिवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 12.0, धर्मशाला में 16.8, ऊना में 18.6, नाहन में 15.9, सोलन में 15.0, मनाली में 11.1, कांगड़ा-मंडी में 18.7, बिलासपुर में 18.5, चंबा में 17.1, कुफरी में 8.6, ताबो में 9.5, कल्पा में 9.0 और केलांग में 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शिमला में रविवार को अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री, सुंदरनगर में 29.3, भुंतर में 29.5, कल्पा में 15.1, धर्मशाला में 28.0, ऊना में 33.4, नाहन में 26.4, केलांग में 18.7, सोलन में 25.5, मनाली में 21.2, कांगड़ा में 29.2, मंडी में 31.4, चंबा में 29.4, कुफरी में 14.4, बरठीं में 29.9 ताबो में 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा।मई में सामान्य से 18 फीसदी कम बरसे बादल
प्रदेश में एक से 31 मई तक सामान्य से 18 फीसदी कम बादल बरसे। इस अवधि में 63.3 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। इस वर्ष 52.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। बिलासपुर में सामान्य से 58, हमीरपुर में 33, कांगड़ा में 26, मंडी में 13, शिमला-सिरमौर में 47 और ऊना में 125 फीसदी अधिक बारिश दर्ज हुई। चंबा में सामान्य से 59, किन्नौर में 39, कुल्लू में 18, लाहौल-स्पीति में 56 और सोलन में 25 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई।
