
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। आज भी राजधानी शिमला व अन्य भागों में बादल छाए हुए हैं। उच्च पर्वतीय एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 22 और 23 जनवरी को राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 25 से 27 जनवरी तक पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने के आसार हैं। वहीं 23 जनवरी को कुछ स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति रहने की संभावना है। जबकि 24 और 25 जनवरी को सुबह और देर रात के समय निचले पहाड़ी-मैदानी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट है।
तापमान में गिरावट की संभावना
विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। इसके बाद, अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4-5 डिग्री सेल्सियस की उल्लेखनीय गिरावट आने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। उसके बाद राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 8.2, सुंदरनगर 5.1, भुंतर 4.7, कल्पा 0.2, धर्मशाला 4.5, ऊना 5.0, नाहन 8.6, केलांग -3.2, पालमपुर 6.5, मनाली 3.9, कांगड़ा 8.0, मंडी 6.2, बिलासपुर 6.0, हमीरपुर 7.3, चंबा 6.0, डलहाैजी 7.0, कुफरी 6.5, कुकुमसेरी -5.6, नारकंडा 5.1, भरमाैर 4.9, रिकांगपिओ 2.6, सेऊबाग 3.5, बरठीं 5.9, धाैलाकुआं 7.6, कसाैली 11.2, सराहन 7.7, पांवटा साहिब 10.0, देहरा गोपीपुर 9.0, ताबो -4.3 व बजाैरा में 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।