
हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2024 में सूखे के हालात के बावजूद पर्यटन कारोबार में 13.24 फीसदी बढ़ा है। हर वर्ष की भांति 2024 में भी प्रदेश की राजधानी शिमला देशी-विदेशी सैलानियों की पहली पसंद रहा है। वर्ष 2023 के मुकाबले सूबे में इस बार 21 लाख से अधिक देशी-विदेशी सैलानी पहुंचे हैं। बीते वर्ष प्रदेश में कुल 1,81,24,694 पर्यटक पहुंचे हैं, जिनमें से 1,80,41,929 देशी और 82,765 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के लिए वर्ष 2024 पर्यटन के हिसाब से काफी अच्छा रहा है। इस वर्ष प्रदेश में पर्यटन कारोबार पूरी तरह से फला-फूला है। प्रदेश को वर्ष 2023 के मुकाबले इस वर्ष 21 लाख से अधिक पर्यटकों ने निहारते हुए यहां के विहंग दृश्यों का लुत्फ उठाया है। प्रदेश में सबसे अधिक पर्यटक राजधानी शिमला पहुंचा हैं।
कहां कितने सैलानी पहुंचे
हिल क्वीन में वर्ष 2024 में 25,76,955 देशी, जबकि 27,034 विदेशी पर्यटक पहुंचे हैं। राजधानी में सबसे अधिक पर्यटक जून माह में 4,48,392 दर्ज किए गए हैं, जबकि वर्ष के अन्य महीनों में भी राजधानी का कारोबार पूरी तरह से चमका है। वहीं इसके विपरीत प्रदेश की दूसरी राजधानी व पर्यटन राजधानी का तगमा हासिल किए जिला कांगड़ा में भी पिछले वर्ष के मुकाबले 2024 में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। जिले में 2024 में 7,74,440 देशी, जबकि 26,195 विदेशी पर्यटक पहुंचे हैं, जोकि वर्ष 2023 के मुकाबले 1,13,826 देशी, जबकि 9,973 विदेशी पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। वहीं वर्ष दर वर्ष प्रदेश में पहुंचने वाले पर्यटकों के आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो हिमाचल प्रदेश में 2024 में 1,80,41,929 देशी और 82,765 विदेशी, 2023 में 1,59,42,118 देशी और 62,806 विदेशी पर्यटक आए हैं। वहीं इससे पहले वर्ष 2022 में 1,50,70,944 देशी, जबकि 29,333 विदेशी, 2021 में 56,32,270 देशी, जबकि 4,832 विदेशी और वर्ष 2020 में 31,50,714 देशी और 42,665 विदेशी पर्यटकों ने प्रदेश के विहंगम दृश्यों का लुत्फ उठाया है।
हिमाचल में पर्यटकों की संख्या
वर्ष भारतीय विदेशी कुल
2024 1,80,41,929 82,765 1,81,24,694
2023 1,59,42,118 62,806 1,60,04,924
2022 1,50,70,944 29,333 1,51,00,277
2021 56,32,270 4,832 56,37,102
2020 31,50,714 42,665 32,133,79
2024 में किस जिले में कितने आए देशी-विदेशी पर्यटक
जिला देशी विदेशी
बिलासपुर 1004480 –
चंबा 1191767 993
हमीरपुर 763827 2
कांगड़ा 774440 26195
किन्नौर 417386 3921
कुल्लू 3538530 13295
लाहुल-स्पीति 1055239 7504
मंडी 1515747 995
शिमला 2576955 27034
सिरमौर 1577166 415
सोलन 2393491 2376
ऊना 1232901 35
कुल 18041929 82764
प्रदेश सरकार जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित कर रही है। इसी का नतीजा है कि वर्ष 2024 में जिला कांगड़ा में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वहीं पर्यटन विभाग ने भी जिले में कई स्थानों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया है, जिसके चलते यहां पर पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।