
समुद्रतल से 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा पर्यटकों की पहली पसंद बन गया है। बर्फ के बीच मस्ती करने के लिए पर्यटकों में मारामारी मची हुई है। रोहतांग जाने के लिए मिलने वाले परमिट एडवांस में खरीदे जा रहे हैं। सोमवार को 1,200 वाहन रोहतांग दर्रा पहुंचे। हजारों पर्यटकों ने रोहतांग में बर्फ के बीच मस्ती की। पर्यटन विभाग की ऑनलाइन साइट में स्लॉट बुक हो रहे हैं। बुधवार के लिए भी स्लॉट लगभग बुक हो गए हैं। मंगलवार को रोहतांग पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।
सोमवार को पर्यटन विभाग की वेबसाइट से ऑनलाइन परमिट लेकर 1,200 वाहनों में हजारों पर्यटक रोहतांग गए। बर्फ के बीच पर्यटकों ने रोहतांग में खूब मस्ती की। रोहतांग दर्रा यातायात के लिए बहाल हो गया है। रविवार को भी बड़ी संख्या में सैलानी बर्फ के दीदार के लिए रोहतांग पहुंचे थे।
एनजीटी के आदेशानुसार रोहतांग के लिए रोजाना 1,200 वाहन जा सकते हैं। इनमें डीजल के 4,00, जबकि पेट्रोल इंजन के 8,00 वाहनों को जाने की अनुमति है। पर्यटन विभाग की वेबसाइट में तेजी से स्लॉट बुक हो रहे हैं। बुधवार के लिए स्लॉट एडवांस में बुक हो गए हैं, जबकि वीरवार के लिए भी 30 फीसदी से अधिक बुकिंग हो गई है। एसडीएम मनाली रमन कुमार शर्मा ने बताया कि परमिट लेकर अब पर्यटकों को रोहतांग तक भेजा जा रहा है। जून महीने में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है। होटलियर एसोसिएशन के निवर्तमान उपाध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि ऑनलाइन बुकिंग में इजाफा हो रहा है।