शहर के टैंक में सुबह तक पहुंचा था 75 लाख लीटर पानी, स्टोरेज कम होने से कई चालू लाइनों से रोकनी पड़ी सप्लाई
योजनाओं में गाद आने के बाद से पानी की किल्लत बरकरार
सोलन। बरसात के मौसम के बीच शहरवासियों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल योजनाओं में गाद आने के बाद नगर निगम के कई वार्डों में पांचवें दिन सप्लाई मिल रही है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गाद आने के बाद वीरवार को गिरि पेयजल योजना से आधे घंटे तक पानी की लिफ्टिंग बंद रही। शनिवार सुबह तक 75 लाख लीटर पानी शहर के मुख्य भंडारण टैंक तक पहुंचा था। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से नगर निगम ने पानी का आवंटन करना शुरू कर दिया, लेकिन दोपहर बाद मुख्य भंडारण टैंक में गिरि पेयजल योजना से पानी की सप्लाई बंद हो गई। इससे मुख्य भंडारण टैंक में पानी की स्टोरेज घट गई। स्टोरेज को कम होता देख चालू लाइनों को बंद कर सप्लाई रोकनी पड़ी। हालांकि महापौर के फोन करने के बाद सप्लाई को 3:00 बजे के बाद फिर से शुरू किया गया। इसके बाद लोगों ने थोड़ी राहत ली। गौर रहे कि शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली अश्वनी और गिरि पेयजल योजनाओं में बारिश के बाद गाद की समस्या आ रही है। इस कारण लिफ्टिंग कम हो गई है। शनिवार को अश्वनी योजना से 24 लाख और गिरि योजना से 51 लाख लीटर पानी सुबह तक लिफ्ट हुआ है।
इन जगहों पर दी गई पानी सप्लाई
शहर में एमईएस, नया व पुराना कथेड़, नया चंबाघाट एरिया, खुंडीधार, पुरानी व नई आफिसर कॉलोनी, जवाहर पार्क टैंक से क्लीन, पावर हाउस समेत आसपास के क्षेत्रों में आपूर्ति दी गई। पानी कम होने से कुछेक वार्ड में सप्लाई को रोकना भी पड़ा था।
कुछ देर गिरि योजना से पानी की सप्लाई रुक गई थी। इसे फिर शुरू किया। शहर के भंडारण टैंक में पानी की सप्लाई रोजाना दी जा रही है। दोनों योजनाओं में हल्की गाद की समस्या जरूर आ रही है, लेकिन पानी लिफ्ट हो रहा है।
पानी की सप्लाई बंद होने के बाद तुरंत सहायक अभियंता से संपर्क किया। सप्लाई को शुरू करने के लिए कहा। करीब आधा घंटे बाद सप्लाई फिर शुरू हो गई। इसके बाद लोगों को पानी का आवंटन किया।