# नाराज चल रहे पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी से मिलने घर पहुंची प्रतिभा सिंह, एक घंटे तक की मंत्रणा|

कांग्रेस पार्टी संगठन व सरकार से नाराज चल रहे पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी को मनाने उनके निवास स्थान पर बीती देर शाम सांसद एवं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह स्वयं पहुंची। उन्होंने करीब एक घंटे तक प्रकाश चौधरी के साथ मंत्रणा की और उनके दु:ख-दर्द को साझा किया। उन्होंने प्रकाश चौधरी की नाराजगी को जायज ठहराया है। इसी के साथ शिमला पहुंचने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी इस बारे बात करने की बात कही है। प्रकाश चौधरी के साथ मंत्रणा के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रकाश चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी से त्यागपत्र दिया है, इसकी जानकारी इन्हें मीडिया के माध्यम से मिली थी। इसलिए वे बातचीत करने के लिए यहां पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र में सरकार के स्तर पर बहुत सी ऐसी कमियां रही हैं, जिससे यह आहत हुए हैं।
वहीं, प्रकाश चौधरी ने कहा कि प्रतिभा सिंह से विस्तृत बातचीत हुई है और इन्हें पूरी उम्मीद है कि पार्टी मेरी नाराजगी पर गौर करेगी और पार्टी हित में सही फैसला लेगी। उन्होंने कहा कि मेरे लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बल्ह का कार्यकर्ता सबसे पहले है, जिनके दम पर मैं नेता बना हूं। कार्यकर्ताओं ने पार्टी व सरकार को दो दिन का समय दिया है। यदि पार्टी कोई सही निर्णय नहीं लेती है तो बल्ह का कार्यकर्ता जो निर्णय लेगा, मैं इनके साथ रहूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *