
भाजपा मंडल जुब्बल नावर कोटखाई की बैठक को संबोधित करते हुए लोकसभा चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि मेरा बूथ सबसे मजबूत का संकल्प लेते हुए हम हर बूथ पर पूरे प्रदेश में कमल खिलाएंगे। लोकसभा चुनावों में भाजपा मजबूती के साथ बूथ पर कार्य कर रही है, अनेकों कार्यक्रमों के माध्यम से कार्यकर्ता बूथ को सशक्त बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हर बूथ पर 15 फीसदी वोट वृद्धि के लक्ष्य को हासिल कर बड़ी जीत हासिल करेगी। इस बार फिर एक बार फिर मोदी जी के नेतृत्व में हिमाचल में चार की चार भाजपा जीतेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असंभव को संभव बनने वाले नेता हैं, जिसे उन्होंने कई बार साबित किया है।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस घोटालों की जननी है। इनके काल में घोटाले पर घोटाले होते रहे। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सब कुछ जानते हुए भी आंख मूंदे बैठे रहते थे। देश ने उस वक्त 2जी घोटाला, कोयला घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला, सत्यम घोटाला, ट्रक घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, कैश फॉर वोट घोटाला, आदर्श घोटाला, शारदा चिटफंट घोटाला, आईएनएक्स मीडिया मामला, एयरसेल-मैक्सिस घोटाला, एंट्रिक्स-देवास घोटाला, लैंड फॉर जॉब घोटाला देखा। 15 घोटाले कांग्रेस की यूपीए सरकार के दौरान 2004 से 2014 के कालखंड में हुए।
उन्होंने कहा कि देश में मोदी सरकार आने के साथ ही लोगों को अच्छे लगने वाले निर्णयों की जगह ऐसे निर्णय लिए, जो लोगों के लिए अच्छे हों। इसका हमने प्रतिफल भी देखा। हमने देखा कि शौचालय बनने से भी देश की जीडीपी बढ़ सकती है, लोगों के लिए घर बनाने से भी देश की जीडीपी बढ़ सकती है, घर में बिजली, पानी, गैस कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड देने से भी देश की आर्थिक विकास दर में इजाफा हो सकता है।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने देश के करोड़ों गरीब लोगों को बड़ा तोहफा दिया है। देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन देने वाली योजना को भाजपा सरकार ने अगले पांच साल के लिए बढ़ा दिया है। यह केवल घोषणा ही नहीं थी, बल्कि यह मोदी की गारंटी है। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता चेतन बरागटा, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष राकेश डोगरा, प्रदेश सचिव मुनीश, जिला अध्यक्ष अरूण फाल्टा, मंडल अध्यक्ष उमेश शर्मा सहित विधानसभा क्षेत्र के त्रिदेव,पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।