कांग्रेस के संपर्क में हैं भाजपा के कई विधायक : रायजादा

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की जनप्रिय नीतियों का बखान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए देने की जो गारंटी दी थी, उसे भी पूरा कर दिया है।

प्रदेश सरकार ने चुनाव से पहले जनता के साथ किए वादों को लगातार पूरा करने का काम जारी रखा है। हिमाचल सरकार गरीबों के लिए काम कर रही है और आगे भी लगातार इसको जारी रखा जाएगा। प्रदेश सरकार की आर्थिक बदहाली के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कर्मचारियों को पुरानी पेंशन भी दी है और जो कर्मचारी उसका लाभ ले रहे हैं, उनसे आप सरकार की इच्छा शक्ति का प्रमाण ले सकते हैं। रायजादा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार भाजपा की तरह जुमले नहीं छोड़ती बल्कि जनता से किए गए वायदों को हकीकत में पूरा करती है। 


रायजादा ने अयोग्य विधायकों द्वारा और विधायकों के भी संपर्क में होने के सवाल पर कहा कि जिसने भी जाना होता वो अभी तक जा चुका होता। अयोग्य करार दिए गए विधायक अपना भविष्य खराब कर चुके हैं, वह दूसरों के भविष्य के साथ खेलने का काम न करें। उन्होंने कहा कि उल्टा भाजपा के कई विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं और सही समय आने पर कांग्रेस अपनी रणनीति अख्तियार करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *